वाराणसी। जिले में गुरुवार रात करीब 9:15 बजे जमीन विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। 100 फीट जमीन को लेकर चल रहे विवाद में दो सगे भाइयों ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपियों ने वहां पहुंचकर उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर सौरभ की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटनास्थल पर दहशत, आरोपियों ने हवा में लहराई पिस्टल
गोली लगने के बाद सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि उसका सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपियों ने खुलेआम पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की और धमकी दी कि “जिसने भी जमीन की तरफ आंख उठाई, उसे गोलियों से छलनी कर दिया जाएगा।”
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गठित की 3 टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
मृतक के पिता सर्वेश सिंह ने बताया कि उनके परिवार का उनके बड़े भाई देवी प्रसाद सिंह के परिवार से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि लगभग 100 फीट जमीन पर कब्जे को लेकर कई बार झगड़े और पंचायत हो चुकी थी, जिसमें हर बार उनके पक्ष में फैसला आया था।
इसके बावजूद आरोपी पक्ष विवाद को नहीं मान रहा था और लगातार तनाव बढ़ता जा रहा था, जो आखिरकार इस हत्या में बदल गया।









