तेहरान। ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा सोमवार को तेहरान में निकाली गई। 10 किलोमीटर लंबे अंतिम यात्रा मार्ग पर लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो उन्हें अंतिम दर्शन देने के लिए सड़कों पर मौजूद रही। सरकारी मीडिया ने इस भीड़ को देश के आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा जनसमूह बताया है।
भीड़ इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर अंतिम यात्रा का काफिला धीमी गति से आगे बढ़ता दिखाई दिया। आजादी स्ट्रीट समेत कई इलाकों में भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए वाहन को रोकना भी पड़ा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अंतिम यात्रा मार्ग पर अनुशासन बनाए रखें और निर्धारित स्थानों पर ही रहें। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम चरण में खामेनेई के पार्थिव शरीर को हेलिकॉप्टर से मार्ग के ऊपर ले जाया जाएगा, ताकि दूर खड़े लोग भी अंतिम दर्शन कर सकें।
अंतिम यात्रा के बाद उनके पार्थिव शरीर को धार्मिक रस्मों के लिए कोम ले जाया जाएगा और बाद में उन्हें उनके गृह नगर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।









