सऊदी अरब ने विदेशियों के लिए खोला रियल एस्टेट सेक्टर

नया डिजिटल पोर्टल ‘सऊदी प्रॉपर्टीज’ लॉन्च, विदेशी नागरिक अब ऑनलाइन खरीद सकेंगे प्रॉपर्टी; मक्का-मदीना पर नियम सख्त रहेंगे।

रियाद। सऊदी अरब ने अपने रियल एस्टेट सेक्टर को विदेशी नागरिकों के लिए खोल दिया है। अब नए डिजिटल पोर्टल ‘सऊदी प्रॉपर्टीज’ के जरिए विदेशी नागरिक, कंपनियां और निवेशक सऊदी अरब में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

यह कदम जनवरी 2026 में लागू हुए विदेशी रियल एस्टेट स्वामित्व कानून के तहत उठाया गया है। इस फैसले से सऊदी अरब में रहने और काम करने वाले करीब 24 लाख भारतीय प्रवासियों को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है। अब तक भारतीय नागरिक केवल किराए पर मकान ले सकते थे, लेकिन नई व्यवस्था के बाद वे संपत्ति के मालिक भी बन सकेंगे।

रियल एस्टेट जनरल अथॉरिटी (REGA) के अनुसार, ‘सऊदी प्रॉपर्टीज’ पोर्टल पूरी तरह डिजिटल है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता अपनी पात्रता जांच सकते हैं, आवेदन कर सकते हैं और अपने आवेदन की स्थिति को ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकते हैं।

हालांकि, दो पवित्र शहरों मक्का और मदीना में संपत्ति स्वामित्व को लेकर नियम अभी भी सख्त रहेंगे। इन शहरों में प्रॉपर्टी का मालिकाना हक केवल सऊदी कंपनियों और मुस्लिम प्रवासियों या नागरिकों को ही दिया जाएगा।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सऊदी अरब का रियल एस्टेट बाजार वर्ष 2025 में लगभग 6.8 लाख करोड़ रुपये का है, जिसके 2034 तक बढ़कर करीब 13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button