- 18 हजार अनडॉक्युमेंटेड भारतीय निशाने पर
- डिपोर्टेशन के लिए सैन्य विमान तैयार
- ICE की लगातार छापेमारी जारी
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ डिपोर्टेशन अभियान को और तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस अभियान के दायरे में करीब 18 हजार ऐसे भारतीय भी बताए जा रहे हैं, जो बिना वैध दस्तावेजों के अमेरिका में रह रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इस बार भी ट्रम्प प्रशासन डिपोर्टेशन के लिए सैन्य विमानों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की टीमें लगातार विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान पकड़े गए लोगों को अपील, कानूनी दलील या वकील से संपर्क का सीमित अवसर मिल रहा है।
डिपोर्टेशन अभियान के तहत प्रवासियों को रखने के लिए एल पासो और कैलिफोर्निया में नए डिटेंशन सेंटर तैयार किए गए हैं। इन केंद्रों में हजारों प्रवासियों को रखा जा रहा है।
न्यूयॉर्क के इमिग्रेशन वकील ग्रेग सिस्किंड का कहना है कि पहले बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलता था, लेकिन अब कई मामलों में उन्हें सीधे डिटेंशन सेंटर भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग राज्यों के मानवाधिकार कानून होने के बावजूद ICE पूरे अमेरिका में कार्रवाई कर रही है।









