- 9 महीने की जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
- पत्नी का शव बाथरूम में मिला था
- स्मार्ट लॉक डेटा से खुला मामला
हैदराबाद। अमेरिका में भारतीय मूल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने को पत्नी राजिता सब्बिनेनी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, उसने पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और अगले दिन शव की तस्वीर भारत में रह रही अपनी गर्लफ्रेंड को भेज दी। करीब नौ महीने की जांच के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। अदालत ने उसकी जमानत 50 लाख डॉलर (करीब 47 करोड़ रुपये) तय की है। दोषी साबित होने पर उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है।
अविनाश तेलंगाना का रहने वाला है और अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। उसकी शादी 5 जून 2025 को 27 वर्षीय राजिता सब्बिनेनी से हुई थी। 27 अक्टूबर 2025 को उसने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और दरवाजा नहीं खोल रही। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर राजिता का शव मिला।
जांच में पुलिस ने अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सुरक्षा सिस्टम का डेटा खंगाला। इससे स्पष्ट हुआ कि अविनाश के बाहर रहने के दौरान फ्लैट में कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए कार्रवाई की और नौ महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।









