नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश किया जाएगा। उनकी कानूनी टीम मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस ने दीपके को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था। उन्हें कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई है।
आठ दिन में दूसरी बार पुलिस कार्रवाई
अभिजीत दीपके के खिलाफ आठ दिनों के भीतर यह दूसरी बार पुलिस कार्रवाई हुई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था। हालांकि, अगले दिन उन्हें रिहा कर दिया गया था। शुक्रवार को कनॉट प्लेस में तिरंगा रैली के आयोजन से पहले पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए नोटिस भी दिया था।
नेहा बोरा समेत करीब 150 लोग हिरासत में
इसी मामले में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा समेत करीब 150 लोगों को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने शनिवार सुबह करीब पांच बजे नेहा बोरा को रिहा कर दिया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, उन्हें दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छोड़ा गया।
तिरंगा रैली से पहले बढ़ाई गई थी सुरक्षा
कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की थी। रैली से जुड़े घटनाक्रम के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। दीपके की गिरफ्तारी और नेहा बोरा की हिरासत को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई। अब दीपके की पेशी पर नजर बनी हुई है।









