- नहर किनारे मिला युवती का दुपट्टा और चप्पल
- गोताखोरों की मदद से चल रहा सर्च ऑपरेशन
- रात से लापता है 24 वर्षीय प्रीति
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के टंडवा सिसारा गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर नहर की पटरी पर एक युवती का दुपट्टा और चप्पलें लावारिस हालत में मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में युवती के डूबने की आशंका के मद्देनजर गोताखोरों के साथ सघन तलाश अभियान शुरू करा दिया। घटना से पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है।
लापता युवती की पहचान गांव निवासी राम प्रताप की 24 वर्षीय पुत्री प्रीति के रूप में हुई है।
रात में शौच के लिए निकली, फिर नहीं लौटी
परिजनों के मुताबिक, प्रीति बुधवार रात घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी देर इंतजार के बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। रातभर परिजन और ग्रामीण संभावित स्थानों पर खोजबीन करते रहे।
सुबह नहर किनारे मिला दुपट्टा और चप्पल
गुरुवार सुबह गांव के बाहर नहर की पटरी पर ग्रामीणों की नजर एक दुपट्टे और चप्पलों पर पड़ी। पहचान होने पर पता चला कि यह सामान प्रीति का है। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
गोताखोरों के साथ चल रहा सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सम्मनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में युवती के डूबने की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। पुलिस नहर और आसपास के क्षेत्र में लगातार खोजबीन करा रही है।









