अम्बेडकरनगर। प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। अम्बेडकरनगर जिले के 1130 से अधिक शिक्षक भी इस योजना के दायरे में आए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
योजना के शुभारंभ का सीधा प्रसारण अम्बेडकरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी भी शामिल हुए।
शिक्षकों को वितरित किए गए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड
कार्यक्रम के दौरान जिले के पात्र शिक्षकों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। साथ ही योजना की पात्रता, मिलने वाली सुविधाओं और कैशलेस इलाज की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षक और उनके आश्रित सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
‘स्वास्थ्य सुरक्षा को मिलेगा नया आधार’
विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना से इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।









