- छह वर्षीय मासूम घर से हुआ था लापता
- पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने चलाया सर्च अभियान
- सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
- परिवार ने पुलिस टीम का जताया आभार
अंबेडकरनगर। थाना अलीगंज क्षेत्र से लापता छह वर्षीय बालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सक्रियता से मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
थाना अलीगंज पर अलहलादपुर गांव निवासी अफसरून निशा ने सूचना दी कि छह वर्षीय मो. रेयान घर से कहीं चला गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
सर्च अभियान चलाकर सकुशल किया बरामद
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन शुरू की। लगातार तलाश के दौरान मासूम मो. रेयान को सकुशल बरामद कर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित उसकी संरक्षिका अफसरून निशा के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने जताया आभार
मासूम के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने अलीगंज पुलिस और मिशन शक्ति टीम की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।









