डीएम ने खुद मॉक वोट डालकर परखी ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली

अकबरपुर तहसील के प्रदर्शन केंद्र का किया निरीक्षण, मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की दी जा रही व्यावहारिक जानकारी

अम्बेडकरनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिले में ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों पर मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अकबरपुर तहसील स्थित प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं मॉक वोट डालकर मतदान प्रक्रिया को परखा।

बैलेट यूनिट से वीवीपैट तक देखी पूरी प्रक्रिया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट के काम करने का तरीका देखा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को मशीनों की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाई जाए। मतदाताओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का भी समाधान किया जाए।

डमी चुनाव चिह्नों से दिया जा रहा प्रशिक्षण
जिले में जिला निर्वाचन कार्यालय के अलावा विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित तहसील मुख्यालयों पर भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। यहां डमी बैलेट पेपर और डमी चुनाव चिह्नों के माध्यम से मतदान का अभ्यास कराया जा रहा है।

मतदाताओं को बताया जा रहा है कि बैलेट यूनिट से वोट कैसे दर्ज होता है। इसके बाद वीवीपैट में मतदाता द्वारा चुने गए प्रत्याशी का चुनाव चिह्न और क्रम संख्या वाली पर्ची मुद्रित होकर निर्धारित समय तक दिखाई देती है।

सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुलेंगे केंद्र
सभी निर्धारित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होंगे। यहां आने वाले मतदाताओं की संख्या और मॉक वोटिंग के दौरान दर्ज मतों का विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। मशीनों के रखरखाव और संचालन में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button