- कलेक्ट्रेट से निकली जागरूकता रैली
- 1500 से 2000 विद्यार्थियों ने लिया भाग
- हेलमेट और सीट बेल्ट का दिया संदेश
- IIT मद्रास के विशेषज्ञों ने किया संवाद
- सड़क सुरक्षा नियमों पर किया जागरूक
अंबेडकर नगर। सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अंबेडकर नगर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (CoERS), आईआईटी मद्रास के सहयोग से मंगलवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पदयात्रा निकालकर सुरक्षित यातायात का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया।
कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई सड़क सुरक्षा पदयात्रा पटेल नगर तक पहुंची। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 से 2000 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
छात्रों ने दिए सुरक्षित यातायात के संदेश
पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों और शिक्षकों ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नीतीश तिवारी, क्षेत्राधिकारी यातायात जितेंद्र सिंह, एआरटीओ सत्येंद्र कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह और यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और CoERS, आईआईटी मद्रास के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ब्रेनसीड इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों से हुआ संवाद
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ब्रेनसीड इंटरनेशनल स्कूल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें CoERS, आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों और यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव ने विद्यार्थियों को सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी।









