- अब रोजाना तय होंगे ईंधन के दाम
- डीलर्स एसोसिएशन ने किया विरोध
इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 22 जुलाई से लागू हो गई हैं। पेट्रोल 4.93 पाकिस्तानी रुपये और डीजल 7.15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया है।
बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 320.73 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 367.21 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि मौजूदा दरें अप्रैल में बने रिकॉर्ड उच्च स्तर से अब भी कम हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने अब पेट्रोल और डीजल की कीमतें साप्ताहिक की बजाय रोजाना तय करने का फैसला लिया है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने इसकी घोषणा की।
सरकार के इस फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन ने कहा कि वह इस व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल महंगा होने का असर आम उपभोक्ताओं और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा, जबकि डीजल की कीमत बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ेगी और महंगाई पर भी असर पड़ सकता है।









