अम्बेडकरनगर। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसान विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर कृषि यंत्रों के लिए टोकन बुक करा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है।
उप कृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि किसान विभागीय पोर्टल पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत “यंत्र हेतु बुकिंग” लिंक से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान
नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। सीआरएम योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन वाले कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत और कस्टम हायरिंग सेंटर पर अधिकतम 30 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा लाभ
सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, कम्बाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस, पावर टीलर, पावर वीडर, आलू खुदाई मशीन, आलू बोने मशीन, स्ट्रा रीपर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, थ्रेसर और कृषि ड्रोन समेत अन्य यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।
एससी-एसटी, लघु एवं सीमांत और महिला किसानों को प्रति यंत्र अधिकतम 50 प्रतिशत तक तथा अन्य किसानों को 40 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। फार्म मशीनरी बैंक के लिए 80 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।
अधिक आवेदन आने पर ई-लॉटरी से होगा चयन
योजना में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के समय किसान को निर्धारित जमानत धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी।









