किसान की बेटी ने रचा सफलता का नया अध्याय

दीपशिखा की मेहनत लाई रंग, कृषि तकनीकी सहायक परीक्षा में हासिल की सफलता

अम्बेडकरनगर। जनपद के ग्राम काछा सारी पट्टी (पोस्ट- चाचिकपुर) की होनहार बेटी दीपशिखा वर्मा ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित कृषि तकनीकी सहायक (Agriculture Technical Assistant) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दीपशिखा, श्री दिनेश कुमार वर्मा एवं श्रीमती शिवकुमारी वर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या से कृषि अर्थशास्त्र (Agricultural Economics) विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उच्च शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अपनी मेहनत, लगन तथा दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए दीपशिखा वर्मा ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के मार्गदर्शन, आशीर्वाद और गुरुजनों के सतत सहयोग एवं प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है।
दीपशिखा की उपलब्धि से परिजनों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी सफलता बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दीपशिखा ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
दीपशिखा वर्मा की इस सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button