अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बुधवार को विकास खंड टांडा के ममरेजपुर और पकड़ी भोजपुर गांव में अमृत सरोवर, तालाब और वृहद वृक्षारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, रखरखाव और सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण की सराहना, पाथवे सुधारने के निर्देश
ममरेजपुर में अमृत सरोवर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सौंदर्यीकरण और विकसित की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सरोवर के चारों ओर बने पाथवे का निरीक्षण करने के बाद खंड विकास अधिकारी को बरसात के बाद इंटरलॉकिंग को इंद्रधनुष के रंगों से रंगवाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में लगे झूले को स्थायी रूप से स्थापित कराने को कहा।
पंचायत भवन को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी
निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यहां स्मार्ट टीवी लगाने के निर्देश दिए, ताकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य डिजिटल कार्यों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
तालाब में गंदा पानी रोकने के लिए बनेगी नाली और सोखपिट
पकड़ी भोजपुर में पडरा तालाब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आसपास के घरों का गंदा पानी तालाब में जाने से रोकने के लिए ग्राम पंचायत सचिव को नाली और सोखपिट बनाने के निर्देश दिए।
3,000 पौधों वाले वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण
गाटा संख्या 138 पर विकसित वृहद वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। यहां लगाए गए 3,000 पौधों की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने सूख चुके पौधों के स्थान पर आंवला, इमली और बेल के नए पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी टांडा और संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









