- ट्रांसफार्मर से लेकर सड़क, नाली और पेयजल व्यवस्था सुधारने की उठी मांग; अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
अंबेडकर नगर। सम्मोपुर राजभर बस्ती की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर क्षेत्र के लोगों का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मिला। राजेश राजभर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बस्ती की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग-पत्र सौंपा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
बिजली और बुनियादी सुविधाओं पर रहा जोर
प्रतिनिधिमंडल ने बस्ती में विद्युत ट्रांसफार्मर की स्थापना, पेयजल की बेहतर व्यवस्था, सड़क निर्माण, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। लोगों ने बताया कि इन सुविधाओं के अभाव से स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री ने समस्याओं पर की चर्चा, कार्रवाई का दिया भरोसा
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रतिनिधिमंडल से समस्याओं की जानकारी ली और मांगों के प्रत्येक बिंदु पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बस्ती की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल होने की उम्मीद है। इस दौरान सम्मोपुर राजभर बस्ती के दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।









