अंबेडकरनगर। छठ महापर्व और मूर्ति विसर्जन को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां परखनी शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने काली घाट स्थित छठ पूजा स्थल और राजघाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
काली घाट पर देखीं छठ पूजा की व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने काली घाट पर छठ पूजा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। घाट पर साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों को सुरक्षित बनाने और मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया।
राजघाट पर विसर्जन व्यवस्था का निरीक्षण
इसके बाद अधिकारियों ने राजघाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। यहां भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने घाटों पर सतर्क निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने को कहा।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा और मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। घाटों पर भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि दोनों आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हों।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम टांडा थनिगईयरसन टी, एसडीएम न्यायिक टांडा संजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









