दरगाह पहुंचने से पहले हादसा, जायरीनों से भरी सीएनजी ऑटो पलटी

झारखंड से किछौछा जियारत के लिए आ रहे 14 यात्रियों में 12 घायल, दो की हालत गंभीर; बसखारी के पास मचा हड़कंप

अम्बेडकरनगर। विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह की जियारत के लिए झारखंड से आए जायरीनों का सफर बसखारी क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। भगाही के आगे असौवापार धोवहा के पास रविवार को यात्रियों से भरी सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऑटो में सवार 14 में से 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जियारत के लिए जा रहे थे सभी यात्री

जानकारी के अनुसार झारखंड के पलामू जिले से 14 जायरीन किछौछा स्थित सैयद मखदूम अशरफ की दरगाह पर जियारत के लिए आए थे। सभी एक ही सीएनजी ऑटो में सवार होकर दरगाह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान असौवापार धोवहा के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

ऑटो पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

दो को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

चिकित्सकों के अनुसार समरीन खातून (28) और अली मोहम्मद (65) को गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सदरपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में साजिदा, इमरान, गुलनाज, शहनवाज, शहजादी बीबी, अजमेरी बीबी, फरजाना बीबी, शहरून बीबी, नाजमा बीबी और शमीनाज शामिल हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button