77 दावों पर खुला मदद का खजाना

117 लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 3.51 करोड़

  • मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जारी हुई सहायता राशि
  • 15 लाभार्थियों को कार्यक्रम में दिए गए डेमो चेक; लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश

अंबेडकरनगर। दुर्घटना से प्रभावित कृषक परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए जिले में 3 करोड़ 51 लाख 50 हजार रुपये जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत बुधवार को 77 दावों के सापेक्ष 117 लाभार्थियों के बैंक खातों में यह धनराशि भेजी गई। वहीं, कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 15 लाभार्थियों को स्वीकृत सहायता राशि के डेमो चेक सौंपे गए।

योजना के तहत दुर्घटना में जान गंवाने वाले या प्रभावित होने वाले किसानों के पात्र आश्रितों को आर्थिक मदद दी जाती है। बुधवार को मुख्यमंत्री की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में सजीव प्रसारण किया गया। इसी दौरान जिले के लाभार्थियों के लिए स्वीकृत सहायता राशि जारी होने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत कुमार ने 15 लाभार्थियों को डेमो चेक प्रदान किए। इस मौके पर लाभार्थी परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने संबंधित अधिकारियों को योजना के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम में सहायक भूलेख अधिकारी अमित मौर्य सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button