Meta पर 9030 करोड़ रुपए का जुर्माना

कोर्ट ने युवाओं की मानसिक सेहत को बताया प्रभावित

न्यू मैक्सिको। अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य की एक अदालत ने इंस्टाग्राम और फेसबुक की मूल कंपनी Meta पर 942 मिलियन डॉलर (करीब 9030 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया है। अदालत ने कहा कि कंपनी के प्लेटफॉर्म का युवाओं की मानसिक सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में गंभीर लापरवाही बरती गई।

अदालत के आदेश के अनुसार, जुर्माने की कुल राशि में से 420 मिलियन डॉलर (करीब 3993 करोड़ रुपए) युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य उपचार पर खर्च किए जाएंगे। वहीं शेष राशि अगले पांच वर्षों में जागरूकता अभियान, रोकथाम कार्यक्रम और स्क्रीनिंग सेवाओं पर खर्च होगी।

यह मामला दो चरणों में चला। पहले चरण में अदालत ने Meta पर 375 मिलियन डॉलर (करीब 3571 करोड़ रुपए) का सिविल जुर्माना लगाया था। अदालत ने कहा था कि कंपनी को प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण की जानकारी थी, लेकिन उसने इस संबंध में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।

दूसरे चरण में अदालत ने कंपनी पर 567 मिलियन डॉलर (करीब 5390 करोड़ रुपए) का अतिरिक्त जुर्माना लगाया। इस तरह Meta पर कुल 942 मिलियन डॉलर (करीब 9030 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया गया।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत से Meta के प्लेटफॉर्म में बुनियादी बदलाव करने की भी मांग की। इनमें लत लगाने वाले फीचर्स पर रोक, आयु सत्यापन (Age Verification) प्रक्रिया को मजबूत करना, डिफॉल्ट प्राइवेसी सेटिंग्स में सुधार और बच्चों के यौन शोषण को रोकने के लिए कड़ी निगरानी जैसे कदम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button