गोविंद साहब धाम से योगी का सियासी वार

'PDA' के जवाब में परिवार-दंगा-अराजकता का मुद्दा, अयोध्या से माफिया तक विपक्ष पर निशाना

अम्बेडकरनगर। गोविंद साहब धाम की धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विकास के साथ सियासी संदेश भी दिया। 706.80 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जहां अम्बेडकरनगर के विकास कार्य गिनाए, वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला।

करीब 36 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या, राम मंदिर, कानून व्यवस्था, रोजगार, माफिया, युवाओं, किसानों और सरकारी योजनाओं का जिक्र किया।

PDA पर पलटवार: ‘परिवार, दंगा और अराजकता’ को बनाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के PDA अभियान पर हमला बोलते हुए कहा कि इसकी राजनीति परिवारवाद और अराजकता से जुड़ी रही है। उन्होंने PDA का अर्थ “परिवार, दंगा और अराजकता” बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में गुंडागर्दी और माफियाओं का प्रभाव था। हर जिले में अलग-अलग तरह के माफिया सक्रिय थे। जमीन, बालू, वन और पशु माफियाओं का दबदबा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले थानों और तहसीलों तक दबाव की राजनीति चलती थी। व्यापारियों से अवैध वसूली की शिकायतें आती थीं। अब अपराधियों और माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अयोध्या पर सपा-कांग्रेस को घेरा: ‘रामभक्तों पर चली थीं गोलियां’
‘राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों को जनता ने जवाब दिया’

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के मुद्दे पर सपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को अयोध्या का सम्मान मिलना खटक रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। वहीं कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए थे।

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और यह देश की सांस्कृतिक पहचान का केंद्र बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button