- शिकायत पर तुरंत सक्रिय हुई पुलिस, जांच के बाद वापस कराई गई पूरी धनराशि
अम्बेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अलीगंज पुलिस ने एक महिला को उसके बैंक खाते से निकाली गई 21,977 रुपये की धनराशि वापस दिला दी। शिकायत दर्ज होने के छह दिन के भीतर मामले का निस्तारण होने के बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई के लिए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के चन्दौली गांव निवासी गीता देवी ने 13 जुलाई को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आलमपुर शेखपुरा निवासी अमरनाथ, जो जन सेवा केंद्र का संचालन करता है, ने अलग-अलग तिथियों में आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से उनके बैंक खाते से कुल 21,977 रुपये निकाले, लेकिन राशि उन्हें नहीं दी। आरोप के मुताबिक, पैसे मांगने पर नेटवर्क संबंधी समस्या का हवाला देकर उन्हें लगातार टाला जाता रहा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अलीगंज पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना पुलिस ने संबंधित जन सेवा केंद्र संचालक को बुलाकर मामले की जांच की और दोनों पक्षों से बातचीत की।
पुलिस के हस्तक्षेप से सुलझा लंबित लेन-देन का विवाद
जांच और बातचीत के बाद 19 जुलाई को महिला को 21,977 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा लेन-देन का विवाद भी इसी दौरान सुलझा लिया गया।
राशि मिलने के बाद महिला ने जताया आभार
धनराशि वापस मिलने के बाद गीता देवी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।









