‘छात्रों की चिंता है तो झारखंड-पंजाब भी जाइए’, राजभर ने विपक्ष को घेरा

जंतर-मंतर के प्रदर्शन पर सुभासपा अध्यक्ष का पलटवार, पेपर लीक से लेकर प्रदर्शन में हुई कार्रवाई तक उठाए सवाल

अंबेडकरनगर। सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को छात्र मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के हित की बात करने वाले दलों को उन राज्यों में भी आवाज उठानी चाहिए, जहां भाजपा की सरकार नहीं है।
‘पेपर लीक सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में नहीं होते’
राजभर ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं को केवल भाजपा शासित राज्यों का मुद्दा बताना उचित नहीं है। झारखंड और पंजाब का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष छात्रों के हित में आंदोलन कर रहा है तो उसे हर राज्य में सामने आ रही ऐसी घटनाओं पर समान रूप से आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्या को राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि सभी राज्यों में एक समान मुद्दे के रूप में उठाया जाना चाहिए।
झारखंड की घटना पर भी विपक्ष से पूछा सवाल
कैबिनेट मंत्री ने झारखंड में गोली चलने की घटना का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वहां की घटना पर चर्चा करने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन किया जा रहा है। राजभर ने विपक्ष से पूछा कि यदि छात्रों के हित की चिंता है तो झारखंड में भी उनकी आवाज क्यों नहीं उठाई जा रही है।
जंतर-मंतर के प्रदर्शन पर भी उठाए सवाल
राजभर ने कहा कि जंतर-मंतर के प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और आजाद समाज पार्टी समेत कई दलों के नेता शामिल हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्व भी शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button