नसीरपुर के शिक्षक राम मिलन को राज्य अध्यापक पुरस्कार

गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, विकास भवन में शिक्षकों ने देखा राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण

अंबेडकरनगर। शिक्षक दिवस पर अंबेडकरनगर के शिक्षक राम मिलन गुप्ता को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जहांगीरगंज विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नसीरपुर में तैनात राम मिलन गुप्ता को गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कार प्रदान किया।

राज्य स्तरीय समारोह का शनिवार को विकास भवन सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षकों ने समारोह का प्रसारण देखा। राम मिलन गुप्ता को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिए जाने का क्षण जिले के कार्यक्रम में भी प्रमुख रहा।

इसके बाद विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह हुआ। इसमें कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया।

समारोह में विद्यालयों में नवाचार के माध्यम से पढ़ाई को रोचक बनाने और छात्र नामांकन बढ़ाने में भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया गया।

कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा ने शिक्षकों की भूमिका पर विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने अतिथियों और शिक्षकों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button