स्कूलों में खुलेंगे लीगल लिटरेसी क्लब, संविधान के पाठ से जुड़ेंगे विद्यार्थी

संविधान संवाद अभियान के तहत 150 से अधिक विद्यालयों के नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण, 26 नवंबर को होगी संवैधानिक साक्षरता परीक्षा व प्रश्नोत्तरी

अंबेडकरनगर। विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी सहायता की जानकारी देने के लिए जिले के राजकीय और निजी विद्यालयों में स्थायी लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जाएंगे। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को इन क्लबों के माध्यम से नियमित रूप से संवैधानिक प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इसी क्रम में जनपद न्यायालय परिसर स्थित लिटिगेंट शेड में संविधान संवाद अभियान के तहत नोडल शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 150 से अधिक राजकीय और निजी विद्यालयों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। अभियान के तहत 26 नवंबर को विद्यालयों में संवैधानिक साक्षरता कार्यक्रम और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रस्तावना से लेकर मौलिक कर्तव्यों तक की जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और राज्य के नीति निदेशक सिद्धांतों की जानकारी दी गई। सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल शरद पांडेय ने मौलिक अधिकारों, डिप्टी चीफ राजेश तिवारी ने मौलिक कर्तव्यों और चीफ रमेश राम त्रिपाठी ने राज्य के नीति निदेशक सिद्धांतों पर जानकारी दी। नामिका अधिवक्ता रामचंद्र वर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सेवाओं और विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन पराविधिक स्वयंसेवक पुष्पा पाल ने किया।

हर क्लब में होंगे शिक्षक और विद्यार्थी सदस्य

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव नीलम वर्मा ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई कराने वाले सभी राजकीय और निजी विद्यालयों में स्थायी लीगल लिटरेसी क्लब बनाए जाएंगे। प्रत्येक क्लब में एक नोडल शिक्षक और विद्यार्थी सदस्य होंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रमुख प्रावधानों, कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी नियमित रूप से दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button