लखनऊ में युवती का आरोप- सौतेले पिता ने सालों तक किया यौन शोषण

मां पर भी बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप

लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने सौतेले पिता पर कई वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने अपनी मां पर भी बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मां-बाप के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

12 साल की उम्र तक शोषण का आरोप

मलेसेमऊ की एक कॉलोनी निवासी युवती के मुताबिक, जब वह छह साल की थी, तब उसकी मां ने उसके पिता से तलाक लेकर दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद मां अपने साथ युवती और तीन अन्य बच्चों को लेकर चली गईं।

आरोप है कि सौतेले पिता ने करीब 12 साल की उम्र तक उसका यौन शोषण किया। युवती का कहना है कि उसने इस बारे में अपनी मां को जानकारी दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।

2022 में कराया निकाह, कुछ दिन बाद तलाक

युवती ने बताया कि 2022 में परिवार ने उसका निकाह करा दिया था। आरोप है कि कुछ समय बाद सौतेले पिता ने दबाव बनाकर उसका तलाक करा दिया।

2023 में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का दावा

पीड़िता के अनुसार, उसने 2023 में सौतेले पिता के खिलाफ थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 2024 में घर छोड़ दिया और बाहर नौकरी करने लगी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

युवती की शिकायत के आधार पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने उसके माता-पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button