लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल के एक मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मौत के बाद उसके शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
मृतक की मां पूनम के अनुसार, 3 जुलाई की शाम करीब 6 बजे उनका बेटा अहम बाथरूम में नहा रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद महिला उसे अस्पताल में छोड़कर चली गई थी और अगले दिन सुबह वापस लौटी। इसके अलावा बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मूल रूप से उन्नाव जिले के बीघापुर निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी शादी करीब 15 साल पहले पूनम से हुई थी। उनके तीन बेटे हैं। दिसंबर में पूनम तीनों बच्चों के साथ लखनऊ आकर अपनी बहन के पास रहने लगी थी। बाद में वह सबसे छोटे बेटे अहम को लेकर अलग किराए के मकान में रहने लगी।
दिनेश के अनुसार, शुक्रवार रात उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वह परिवार के साथ लखनऊ पहुंचे। वहीं मां का कहना है कि डॉक्टरों ने सुबह आने के लिए कहा था, इसलिए वह अस्पताल से चली गई थी।
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









