- योगी और अखिलेश ने अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि दी
- हजरतगंज स्थित प्रतिमा पर दोनों नेताओं ने अलग-अलग समय पर माल्यार्पण किया
- योगी ने महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती संख्या का जिक्र किया
लखनऊ। वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हजरतगंज स्थित उनकी प्रतिमा पर अलग-अलग समय पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री योगी सुबह करीब 10 बजे पहुंचे, जबकि अखिलेश यादव 10:48 बजे प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन इसके बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
योगी बोले- बेटियों के स्वावलंबन पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सरकार बेटियों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बदायूं में अवंतीबाई लोधी के नाम पर पीएसी की नई बटालियन स्थापित की गई है। वहां वीरांगना की अश्वारोही प्रतिमा भी स्थापित की जा रही है।
पुलिस में 45 हजार महिला कर्मी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत महिला भर्ती अनिवार्य की गई है। इसके परिणामस्वरूप 2017 में करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 2026 में 45 हजार हो गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि बेटियां सुरक्षित रहें और समाज में सम्मान के साथ आगे बढ़ें।









