लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लखनऊ आम महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने आम उत्पादकों से विभिन्न किस्मों की विशेषताओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में रखे करीब आधा किलो वजन के आम को देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और दोनों हाथों में आम लेकर तस्वीर भी खिंचवाई। वहीं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दो पेटी आम खरीदे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट आम उत्पादकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का आम आज ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया और कुवैत समेत कई देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक नई किस्म को ‘काकोरी’ ब्रांड नाम दिया गया है, जो देशभक्ति और बलिदान की भावना का प्रतीक है।
महोत्सव में मोदी मैंगो और योगीराज आम विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा नूरजहां, लालिमा, बनाना, याकूती और टॉमी एटकिंस जैसी दुर्लभ एवं लोकप्रिय किस्मों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
तीन दिवसीय इस आम महोत्सव में 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अंबिका, अल्फांसो, आम्रपाली, रटौल और लखनऊ सफेदा जैसी प्रसिद्ध प्रजातियां भी शामिल हैं। इसके साथ ही आम से तैयार अचार, जूस, पल्प और अन्य वैल्यू-एडेड उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई गई है।









