अवैध शराब की सूचना पर भड़का विवाद

भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में दिया धरना

भीटी, अंबेडकरनगर। रामपुर गिलंट बाजार में अवैध शराब की बिक्री की सूचना देने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि 112 पुलिस को सूचना देने के बाद कार्रवाई के बजाय उनके साथ अभद्रता की गई। थाने पहुंचने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके विरोध में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भीटी थाने पर धरने पर बैठ गए।

अवैध शराब की सूचना के बाद शुरू हुआ विवाद

खजुरी मंडल के महामंत्री बाबूराम निषाद, उपाध्यक्ष कमलेश पांडेय और शक्ति केंद्र संयोजक अनिल कुमार ने रामपुर गिलंट बाजार में अवैध शराब की बिक्री की सूचना 112 पर दी थी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शिकायत करने वाले कार्यकर्ताओं से ही अभद्रता की।

थाना प्रभारी पर धमकी देने का आरोप

कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे मामले की शिकायत लेकर भीटी थाना प्रभारी के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां भी उनके साथ गाली-गलौज की गई। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका यह भी दावा है कि एक मोबाइल पुलिस के पास है, जिसे वापस नहीं किया गया।

कार्रवाई की मांग पर थाने में डटे कार्यकर्ता

पुलिस के रवैये से नाराज मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और अपना मोबाइल व अन्य सामान वापस करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button