शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं, लखनऊ में 3 किमी तक लगा जाम

बारिश में दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर प्रदर्शन, DM को बुलाने की मांग पर अड़ी छात्राएं

लखनऊ। शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार सुबह करीब 250 जेन-अल्फा छात्राएं सड़क पर उतर आईं। बारिश के बीच सुबह करीब 7 बजे छात्राएं दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। छात्राएं मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय से करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलकर यहां पहुंची थीं। स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राएं पढ़ती हैं और इसका संचालन समाज कल्याण विभाग करता है।

बाईपास पर 2 से 3 किमी लंबा जाम

छात्राओं के प्रदर्शन के कारण बाईपास के चारों तरफ करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और चार थानों व चौकियों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिसकर्मियों ने करीब दो घंटे तक छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं मौके पर डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं।

DM आवास की ओर बढ़ीं छात्राएं

बात नहीं बनने पर छात्राएं हजरतगंज स्थित डीएम आवास की ओर जाने लगीं। लखनऊ-हरदोई हाईवे पर छात्राएं रॉन्ग साइड में आगे बढ़ती रहीं, जबकि पुलिसकर्मी भी उनके पीछे दौड़ते हुए उन्हें रोकने की कोशिश करते रहे।

बालागंज में अधिकारियों ने रोका

मोहान रोड से करीब 8 किलोमीटर दूर बालागंज चौराहे पर एसीपी काकोरी शकील अहमद और एडीसीपी धनंजय ने छात्राओं को रोका। दोनों अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत की और उनके सामने ही समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या की जानकारी दी।

आज ही समाधान का दिया भरोसा

अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर विद्यालय में ही उनसे सीधे बातचीत की जाएगी। एसीपी काकोरी ने भरोसा दिलाया कि संबंधित समस्या का समाधान जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद छात्राएं वापस लौटने के लिए तैयार हो गईं और उन्हें ई-बसों से विद्यालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button