लखनऊ। मानसून ने एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। सोमवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 25 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। काले बादलों के कारण सुबह के समय भी कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा।
प्रयागराज में कॉलोनियां जलमग्न
प्रयागराज में देर रात से जारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। करेली इलाके की कॉलोनियों और गलियों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। कई कारें और बाइकें पानी में डूब गई हैं।
जलभराव के कारण लोगों को घरों की पहली मंजिल पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है। गलियों में नावों का संचालन किया जा रहा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
लखनऊ में सड़कें और गलियां डूबीं
लखनऊ में करीब छह घंटे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। इसके चलते कई इलाकों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गई हैं।
रविवार को लखनऊ में इस सीजन की एक दिन में सबसे ज्यादा 40.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। सोमवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तीन जिलों में स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए सीतापुर, हरदोई और रायबरेली में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर
यूपी में गंगा, यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। कानपुर और उन्नाव में गंगा किनारे बसे कई इलाकों में पानी भर गया है। बताया जा रहा है कि 500 से ज्यादा घरों में पानी घुस चुका है।
कई जगह सड़कों और गलियों में नावों का सहारा लिया जा रहा है। जलभराव वाले इलाकों में लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं।
चित्रकूट में मंदाकिनी का बढ़ा जलस्तर
चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। रामघाट की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है।









