- कोटेदारों का कमीशन ₹35 बढ़ा
- अब ₹125 प्रति कुंतल मिलेगा
- 78 हजार से ज्यादा कोटेदारों को फायदा
- अन्नपूर्णा केंद्रों के लिए ₹500 करोड़
लखनऊ। योगी सरकार ने प्रदेश के राशन कोटेदारों के कमीशन में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। अब कोटेदारों को 90 रुपये की जगह 125 रुपये प्रति कुंतल कमीशन मिलेगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 78 हजार से अधिक राशन कोटेदारों को सीधा लाभ मिलेगा।
पहले मिलता था ₹90 कमीशन
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोटेदारों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले कोटेदारों को 90 रुपये प्रति कुंतल कमीशन मिलता था, जिसे बढ़ाकर 125 रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के साथ कोटेदारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी काम कर रही है।
अन्नपूर्णा केंद्रों के लिए ₹500 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन की दुकानों को अब अन्नपूर्णा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है।
इन केंद्रों पर दुकान के साथ गोदाम की सुविधा भी विकसित की जाएगी। योगी ने कहा कि पहले कोटेदार मुख्य रूप से राशन बेचते थे, लेकिन अब उन्हें 39 प्रकार के सामान बेचने की अनुमति दी गई है।
₹150 कमीशन की भी तैयारी
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कोटेदारों का कमीशन 25 रुपये और बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। अगर इसे मंजूरी मिल जाती है तो कोटेदारों को 150 रुपये प्रति कुंतल कमीशन मिल सकेगा।
2017 से पहले की व्यवस्था पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले कोटेदारों को समाज में शक की नजर से देखा जाता था और उनके सम्मान को भी नुकसान पहुंचा था। उन्होंने कहा कि कई मामलों में गलत काम किसी और की ओर से होता था, लेकिन उसका खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ता था।
योगी ने कहा कि सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था में तकनीक और पारदर्शिता बढ़ाकर इस छवि को बदलने का प्रयास किया है।









