लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने पहले उत्तर प्रदेश दौरे पर लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओपन वैन में सवार होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए निकले।
भाजपा ने स्वागत को लेकर व्यापक तैयारियां की थीं। पार्टी के अनुसार, एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक 42 से अधिक स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके लिए 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की तैनाती की गई, जबकि राजधानी में एक लाख से ज्यादा पोस्टर और बैनर लगाए गए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि पूरे मार्ग में पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और अभिनंदन किया गया।
स्वागत यात्रा कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में 42 स्थानों पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।









