आईपीएस की मां की मौत की गुत्थी और उलझी

हत्या-लूट में 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं- रूढ़ा गांव में घर के भीतर मिला था इंद्रा देवी का शव, मुंह में कपड़ा था

अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की मौत का मामला दूसरे दिन भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने और आभूषण गायब होने के बाद हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। न आरोपी का पता चला है और न ही गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।

मामले की जांच के लिए स्वॉट, एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय थानों की पुलिस को लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। धवरुआ बाजार में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच के दायरे में है। इसके अलावा घटना के समय आसपास सक्रिय रहे लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमार्टम से भी नहीं खुला मौत का राज

इंद्रा देवी की मौत को लेकर जांच का सबसे अहम सवाल अभी भी अनसुलझा है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के अनुसार, तीन चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। इसके बावजूद मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

चिकित्सकों ने आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया है। हार्ट अटैक की संभावना की जांच के लिए हृदय को भी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस ने हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के मुताबिक मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button