अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लंदन में आयोजित ‘नमस्ते भारत’ पत्रिका के कार्यक्रम में अंबेडकरनगर के वरिष्ठ समाजसेवी बजरंग बली चौबे मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में भारत, ब्रिटेन, बेल्जियम और अमेरिका से करीब 250 लोग शामिल हुए। भारत से करीब 80 लोगों ने लंदन पहुंचकर आयोजन में भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व फैजाबाद कमिश्नर डॉ. कमल टावरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं ब्रिटेन के हर्टफोर्डशायर शहर की मेयर परवीन रानी, पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा और विभिन्न नगरों के काउंसलर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
हिंदी और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव पर जोर
कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। देश-विदेश से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ‘नमस्ते भारत’ पत्रिका के संपादक आशीष मिश्र के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि बजरंग बली चौबे ने कहा कि विदेश में रह रहे भारतीयों को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़े रखने में ‘नमस्ते भारत’ जैसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि पत्रिका ब्रिटेन में रहने वाले भारतीयों को हिंदी भाषा से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में भारत और ब्रिटेन के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने तथा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा हुई। देश-विदेश से आए लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।









