- जौहर यूनिवर्सिटी मुद्दे पर सपा को घेरा
- संसद और विपक्ष की राजनीति पर उठाए सवाल
- कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोले कैबिनेट मंत्री
अंबेडकरनगर। जिले के दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, पेपर लीक कानून, जौहर यूनिवर्सिटी और वंदे मातरम् समेत कई मुद्दों पर अपनी पार्टी और सरकार का पक्ष रखा।
‘राहुल की ताकत बढ़ रही, अखिलेश की घट रही’
ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि हाल के छात्र आंदोलनों के बाद राष्ट्रीय राजनीति में राहुल गांधी की राजनीतिक ताकत बढ़ी है, जबकि अखिलेश यादव का प्रभाव कम हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के भीतर भी इस स्थिति को लेकर बेचैनी है और अखिलेश यादव केवल मुख्यमंत्री बनने की राजनीति कर रहे हैं।
‘यादव और मुस्लिम समाज सपा से दूरी बना रहा’
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि यादव और मुस्लिम समाज का एक वर्ग समाजवादी पार्टी से दूरी बना रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं अखिलेश यादव से संसद को सुचारु रूप से चलने देने की बात कही थी। उनके अनुसार यदि संसद सामान्य रूप से चलेगी तो सपा और कांग्रेस दोनों की राजनीति बेनकाब हो जाएगी।
पेपर लीक कानून और भर्ती प्रक्रिया पर भी साधा निशाना
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान नकल कराने और नौकरियां बेचने का काम होता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून लाई है, जिसका सपा और उसके सहयोगी विरोध कर रहे हैं। उनके अनुसार इसका कारण यह है कि विपक्ष नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं चाहता।









