-
तेंदुआ दियारा में मिला था अजय का शव
-
पुलिस ने छह घंटे में खुलासे का दावा किया
-
जमीन के लालच में हत्या की आशंका
अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियारा गांव में गुरुवार सुबह मिले अजय शुक्ला के शव के मामले में पुलिस ने करीब छह घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अजय की जमीन हड़पने के लालच में उसके भाई राजेश शुक्ला, पत्नी सोनी शुक्ला और मौसेरे भांजे अनिरुद्ध मिश्रा ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद शव को करंट लगने से मौत का रूप देने की कोशिश किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।
सुबह शव मिला, गांव में पहुंची पुलिस
गुरुवार सुबह करीब 8:20 बजे पीआरवी के जरिए तेंदुआ दियारा गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान बैजनाथ शुक्ला के पुत्र अजय शुक्ला के रूप में की।
अजय की बहन की तहरीर पर मालीपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं।
पूछताछ में सामने आया घाट से घर तक का घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान अनिरुद्ध मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में हत्या से जुड़ी जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, अजय की कोई संतान नहीं थी। उसकी जमीन को लेकर लालच को हत्या की कथित वजह बताया गया है। अजय का भाई राजेश शुक्ला अपने परिवार के साथ गुजरात में रहता है।









