जलालपुर (अंबेडकरनगर)। महाअष्टमी पर जलालपुर नगर के दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा की महाआरती, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय रहा। कई पंडालों में महाआरती के साथ निशुल्क भंडारे का आयोजन किया गया।
नगर के विभिन्न पूजा पंडालों को रंग-बिरंगी रोशनी, एलईडी बल्ब, झूमर और सजावटी फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रवेश द्वारों पर बनाए गए तोरण द्वार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। सड़कों और पंडालों के आसपास की गई रोशनी से उत्सव की रौनक बढ़ गई।
धर्मशाला परिसर में बच्चों ने भक्ति गीतों पर डांडिया प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान खींचा। महाअष्टमी पर पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।









