अम्बेडकरनगर में खाद की पर्याप्त उपलब्धता

यूरिया के 11 हजार मीट्रिक टन से अधिक स्टॉक- अगस्त तक लक्ष्य से अधिक यूरिया और फास्फेटिक उर्वरक की हुई उपलब्धता

अम्बेडकरनगर। जिले में यूरिया और फास्फेटिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बताई गई है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी के अनुसार, अगस्त तक जिले में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी की अधिक मात्रा उपलब्ध हुई है। किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है।

जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक अगस्त तक यूरिया का क्रमिक लक्ष्य 44,171 मीट्रिक टन था। इसके मुकाबले 48,203 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हुई। इसी तरह डीएपी के 5,491 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 8,868 मीट्रिक टन उपलब्धता दर्ज की गई।

एनपीके का लक्ष्य 1,336 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 4,064 मीट्रिक टन रही। एसएसपी के 13,666 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 23,130 मीट्रिक टन और एमओपी के 589 मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 177 मीट्रिक टन उपलब्ध हुआ।

वर्तमान में इतना स्टॉक

वितरण के बाद सहकारिता और निजी क्षेत्र को मिलाकर जिले में वर्तमान में 11,039 मीट्रिक टन यूरिया, 3,803 मीट्रिक टन डीएपी, 3,347 मीट्रिक टन एनपीके, 5,961 मीट्रिक टन एसएसपी और 112 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है।

जल्द मिलेगी 504 मीट्रिक टन यूरिया

अयोध्या रैक प्वाइंट पर मेटिक्स कंपनी की सहकारिता क्षेत्र के लिए 504 मीट्रिक टन यानी 11,200 बोरी यूरिया उपलब्ध है। यह यूरिया जल्द ही अम्बेडकरनगर जिले को प्राप्त होने की जानकारी दी गई है।

उर्वरक के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी

जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। उर्वरक से संबंधित किसी समस्या या शिकायत के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में उर्वरक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button