कट बंद हुए तो बढ़ गई राह की दूरी, कई किलोमीटर घूमकर पहुंच रहे वाहन

बरियावन से मसड़ा मोहनपुर तक कई जरूरी कट बंद, पेट्रोल पंपों के सामने रास्ता बदलने से बढ़ी दिक्कत; स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता

अंबेडकरनगर। बरियावन बाजार से मसड़ा मोहनपुर तक कई जरूरी कट बंद होने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत पेट्रोल पंपों के सामने बंद किए गए कट से हो रही है। वाहन चालकों को दूसरी दिशा से घूमकर आना-जाना पड़ रहा है। कई बार इसके लिए कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के बीच बने कट से आसपास के गांवों और बाजार की ओर जाना आसान था। कट बंद होने के बाद वाहन चालकों को आगे जाकर रास्ता बदलना पड़ता है। इससे समय और ईंधन दोनों अधिक खर्च हो रहे हैं।

पेट्रोल पंप तक पहुंचने में भी बढ़ी दूरी

पेट्रोल पंपों के सामने कट बंद होने से स्थानीय वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है। एक दिशा में जा रहे वाहन को पंप तक पहुंचने के लिए आगे निकलकर दूसरी ओर से वापस आना पड़ता है। इससे अनावश्यक चक्कर लगाना पड़ रहा है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/akbarpur-safai-mitra-safety-kit/

स्कूली बच्चों के लिए भी चुनौती

इस मार्ग पर आने-जाने वाले स्कूली बच्चों को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। कट बंद होने के बाद बच्चों को सड़क पार करने और रास्ता बदलकर जाने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था के साथ बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी स्थानों पर आवागमन की सुविधा बहाल की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने अगिरिया कट को फिर से खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आसपास के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button