मूल विद्यालय वापसी की मांग पर शिक्षामित्रों का आंदोलन तेज

31 जुलाई तक कार्रवाई न होने पर एक अगस्त से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी

अंबेडकरनगर। शिक्षामित्र शिक्षक संघ ने मूल विद्यालय वापसी स्थानांतरण की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक मांग पूरी नहीं होने पर एक अगस्त से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बीएसए को सौंपा मांगपत्र
संघ के जिलाध्यक्ष एवं शिक्षामित्र केयर समिति के जिला संयोजक राम चंदर मौर्य तथा जिला महामंत्री मोहम्मद मोसीर खान ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने शिक्षामित्रों के मूल विद्यालय वापसी स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई।
31 जुलाई तक का दिया अल्टीमेटम
राम चंदर मौर्य ने कहा कि यदि 31 जुलाई 2026 तक मूल विद्यालय वापसी स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो शिक्षामित्र शिक्षक संघ एक अगस्त से जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
संघ का कहना है कि लंबे समय से मूल विद्यालय वापसी की मांग लंबित है। यदि समय रहते इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षामित्र चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संघ ने प्रशासन से मांग का शीघ्र समाधान कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button