नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की वेबसाइट शुक्रवार को एक बार फिर ठप हो गई। कई यात्री वेबसाइट के जरिए फ्लाइट बुक नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स को मोबाइल ऐप में लॉगिन करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुकिंग पर दिखा ‘नो डेटा अवेलेबल’
वेबसाइट पर फ्लाइट बुकिंग का विकल्प खोलने पर कुछ यूजर्स को ‘नो डेटा अवेलेबल’ का मैसेज दिखाई दिया। इस सप्ताह इंडिगो की वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं में यह दूसरी तकनीकी गड़बड़ी है।
एयरलाइन ने जारी की सर्विस एडवाइजरी
इंडिगो ने अपनी वेबसाइट पर सर्विस एडवाइजरी जारी कर बताया कि सिस्टम में रुक-रुककर तकनीकी समस्या आ रही है। इसके कारण कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें समस्या को जल्द ठीक करने में जुटी हैं।
कुछ समय बाद बुकिंग करने की सलाह
इंडिगो ने यात्रियों से कुछ समय बाद डिजिटल चैनल दोबारा इस्तेमाल करने की अपील की है। जिन यात्रियों को तुरंत यात्रा से जुड़ी मदद चाहिए, उन्हें कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है। वहीं, बाद में यात्रा करने वाले यात्रियों से कुछ समय बाद दोबारा कोशिश करने को कहा गया है।
बुकिंग, चेक-इन और पेमेंट प्रभावित
शुक्रवार को कई यूजर्स ने इंडिगो के एक्स अकाउंट पर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। यात्रियों ने फ्लाइट बुकिंग फेल होने, वेब चेक-इन में परेशानी और पेमेंट कन्फर्मेशन नहीं मिलने की शिकायत की।
दो दिन पहले भी आई थी तकनीकी दिक्कत
यह समस्या उस गड़बड़ी के दो दिन बाद सामने आई है, जिसे इंडिगो ने अपने मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताया था। बुधवार को भी एयरलाइन ने एक्स पर जानकारी दी थी कि उसके रिजर्वेशन सिस्टम में रुक-रुककर परेशानी आ रही है।
टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ काम कर रही एयरलाइन
इंडिगो ने बुधवार को कहा था कि वह समस्या को दूर करने के लिए अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ काम कर रही है। हालांकि, एयरलाइन ने तकनीकी गड़बड़ी की असल वजह के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी थी।









