नई दिल्ली। उबर इंडिया के CEO प्रभजीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह सितंबर 2026 से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के भारत ऑपरेशन्स में कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। OpenAI में वह भारत के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे और एशिया पैसिफिक के मैनेजिंग डायरेक्टर किरन मणी को रिपोर्ट करेंगे।
OpenAI ने अपने बयान में कहा कि प्रभजीत सिंह भारत में कंपनी के कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज अडॉप्शन, स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप, रेगुलेटरी एंगेजमेंट और ऑपरेशन्स का नेतृत्व करेंगे। उनका मुख्य फोकस भारत के तेजी से बढ़ते AI इकोसिस्टम को मजबूत करना और उपभोक्ताओं, व्यवसायों, संस्थानों तथा सरकारी एजेंसियों तक AI तकनीक का लाभ पहुंचाना होगा।
आईआईटी कानपुर और आईआईएम अहमदाबाद से पढ़ाई करने वाले प्रभजीत सिंह ने उबर में करीब 10 वर्षों तक अहम भूमिका निभाई। वह अगस्त 2015 में जनरल मैनेजर और हेड ऑफ स्ट्रेटजी के रूप में कंपनी से जुड़े थे। जून 2020 में उन्हें भारत और दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई। उबर से पहले वह मैकिन्से एंड कंपनी में एसोसिएट पार्टनर के पद पर कार्यरत थे।
प्रभजीत के कार्यकाल में उबर ने भारत के टियर-2 और गैर-मेट्रो शहरों में तेजी से विस्तार किया। कंपनी ने उबर मोटो, ऑटो, इंटरसिटी ट्रैवल जैसी नई सेवाएं शुरू कीं और मेट्रो टिकट बुकिंग जैसी सुविधाओं को भी ऐप में जोड़ा। ONDC के साथ साझेदारी के जरिए उबर प्लेटफॉर्म पर अब तक एक करोड़ से अधिक मेट्रो राइड्स बुक की जा चुकी हैं। हाल ही में कंपनी ने ONDC में 60 करोड़ रुपये के रणनीतिक निवेश की भी घोषणा की थी।









