अंबेडकरनगर। शिव बाबा धाम में शनिवार को 292 जोड़ों के विवाह के साथ सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुए कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच वर-वधुओं ने एक-दूसरे का हाथ थामा। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा की।
सुबह से ही शिव बाबा धाम में वर-वधुओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। समारोह का शुभारंभ एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद लोक गायिका प्रतिमा यादव ने अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत के बीच विवाह की रस्में शुरू हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जोड़ों ने फेरे लिए और साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया।
एक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की व्यवस्था
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे।
विवाह के बाद नवदंपती को 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई। इसमें कपड़े, आभूषण, बर्तन और गृहस्थी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल रही। शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए गए।
परिजनों के लिए भी की गई भोजन की व्यवस्था
समारोह में नवविवाहित जोड़ों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में पहुंचे। वर-वधुओं और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए काउंटर बनाए गए थे, जिससे आयोजन की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।









