अंबेडकरनगर। अकबरपुर में निबंधन विभाग के दो कार्यालयों को नया भवन मिल गया है। गुरुवार को स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने वर्चुअल माध्यम से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय और उप निबंधक सदर अकबरपुर के लिए तैयार इस परिसर के निर्माण पर 3 करोड़ 55 लाख 76 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
विभागीय जरूरतों के अनुसार तैयार हुआ परिसर
नए भवन का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) ने कराया है। इसमें निबंधन विभाग के प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। नए परिसर से अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थित कार्यस्थल मिलेगा। वहीं, निबंधन संबंधी सेवाओं के लिए आने वाले लोगों को भी बेहतर कार्यालयी व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय और जिला पंचायत प्रशासक साधु वर्मा मौजूद रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों ने नए भवन को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए उपयोगी बताया। इस मौके पर अयोध्या के सहायक महानिरीक्षक निबंधन जगदंबा शुक्ला, अकबरपुर के उप निबंधक अभिषेक सिंह और टांडा के उप निबंधक सत्येंद्र यादव भी उपस्थित रहे।









