मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, 2 की मौत

  • भुलेश्वर में हादसे में 5 लोग घायल
  • घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां शामिल
  • वेल्डिंग सपोर्ट टूटने से प्रतिमा का बिगड़ा संतुलन

मुंबई। मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।

मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी है। शहर में गणेश उत्सव से पहले आयोजित होने वाले आगमन समारोह के दौरान यह हादसा हुआ।

लालबाग से भुलेश्वर लाई जा रही थी प्रतिमा

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गणेश प्रतिमा को लालबाग से भुलेश्वर ले जाया जा रहा था। पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया।

सपोर्ट टूटते ही प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे की तरफ मौजूद लोगों पर जा गिरी। हादसे के बाद प्रतिमा तीन हिस्सों में टूट गई।

दो लोगों की मौत, पांच घायल

हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हो गई। संकेत नेवशे भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष थे।

घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।

मौके पर पहुंची कई टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और BMC की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button