त्योहारों से पहले प्रशासन ने कसी कमर

जुलूस मार्गों पर बिजली-पानी से लेकर सफाई तक की होगी पड़ताल

अंबेडकरनगर। बारावफात, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रक्षाबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों, धर्मगुरुओं और नागरिकों से भी सुझाव लिए गए।

26 अगस्त को बारावफात, 4 सितंबर को जन्माष्टमी

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि 26 अगस्त को बारावफात और 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। त्योहारों से पहले जिले के सभी थानों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने पीस कमेटी की बैठकें कर तैयारियों की समीक्षा की है।

डीएम ने अधिकारियों को जुलूस मार्गों का दोबारा स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने साफ किया कि सड़क, बिजली, जल निकासी, प्रकाश या सफाई से जुड़ी समस्या मिले तो उसका समयबद्ध समाधान कराया जाए।

हर तीन घंटे में साफ होंगे मोबाइल टॉयलेट

त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट और पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मोबाइल टॉयलेट की सफाई के लिए हर तीन घंटे पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया।

सभी स्ट्रीट लाइटों को त्योहारों से पहले दुरुस्त कराने और जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नालियों की सफाई के साथ प्रमुख स्थानों पर चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाएगा।

डीजे की आवाज पर रहेगी निगरानी

एसपी प्राची सिंह ने पुलिस अधिकारियों को धार्मिक आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर रोक सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button