चूल्हे की आग ने उजाड़ दी पूरी गृहस्थी

सिलेंडर फटा तो चटक गई मकान की दीवार

अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सांती गांव में शुक्रवार रात करीब आठ बजे गैस पाइप में लगी आग ने रामप्यारे निषाद के परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह कर दी। खाना बनाते समय अचानक गैस पाइप में आग लगी। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे घर को घेर लिया। परिवार के लोग जान बचाकर बाहर निकले। इसी दौरान गैस सिलेंडर में धमाका हुआ, जिससे मकान की ऊपरी दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

खाना बनाते समय भड़की आग, देखते ही देखते बढ़ीं लपटें

रामप्यारे निषाद की बहू लक्ष्मी निषाद रोज की तरह रात में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप में अचानक आग लग गई। परिवार ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैलने लगीं।

हालात बिगड़ते देख परिवार के लोग घर से बाहर निकल आए और आसपास के लोगों से मदद मांगी। आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना डायल 112 को भी दी गई।

नकदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख

आग बुझने के बाद घर के अंदर का मंजर देख परिवार के होश उड़ गए। बिस्तर, कपड़े, खाद्य सामग्री, चारपाई, बर्तन, तख्त, कूलर, वाशिंग मशीन, दरवाजा और स्मार्टफोन समेत अधिकांश घरेलू सामान जल चुका था।

पीड़ित परिवार के अनुसार भैंस खरीदने के लिए जुटाकर रखे करीब डेढ़ लाख रुपये भी आग की चपेट में आ गए। जेवरात के जलकर नष्ट होने की बात भी परिवार ने बताई है।

सिलेंडर फटने से दीवार में आई दरार

आग के दौरान सिलेंडर में हुए धमाके से मकान की ऊपरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। परिवार के सदस्यों के समय रहते बाहर निकलने से कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button