सेवा सुरक्षा की धाराएं हटाने पर सरकार को घेरा, संजयन ने मांगी पुरानी पेंशन

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट से सपा प्रत्याशी का अंबेडकरनगर में पहला दौरा, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय का भी मुद्दा उठाया

अंबेडकरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी गुरुवार को अंबेडकरनगर पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे सपा कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सेवा सुरक्षा, पुरानी पेंशन और वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय को उन्होंने प्रमुख मुद्दा बताया।

तीन धाराएं हटने से सेवा सुरक्षा पर सवाल

संजयन त्रिपाठी ने कहा कि सरकार ने सेवा सुरक्षा से जुड़ी तीन धाराएं वापस ली हैं। उनके अनुसार इससे शिक्षकों के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक लंबे समय से अधिकार, सम्मान और सेवा सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

18 साल से आश्वासन, अब पेंशन का मुद्दा

सपा प्रत्याशी ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने की भी बात कही। कहा कि शिक्षक 18 वर्षों से आश्वासन का सामना कर रहे हैं। अब उन्हें अपने हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा।

सपा सरकार बनी तो पेंशन बहाली का दावा

संजयन त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाएगी। वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मानदेय की व्यवस्था लागू करने का भी उन्होंने दावा किया। उन्होंने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को चुनाव के केंद्र में रखने की बात कही।

भाजपा छोड़कर सपा में आए, कमलेश यादव की जगह मिला टिकट

संजयन त्रिपाठी पहले भाजपा में थे। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने सपा की सदस्यता ली। इसके बाद सपा ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर पहले घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव की जगह उन्हें प्रत्याशी बनाया।

स्वागत कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद लालजी वर्मा, विधायक राममूर्ति वर्मा, शंखलाल मांझी, जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव समेत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button